चमोली , जुलाई, 18 -- उत्तराखंड के जनपद चमोली में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कर्णप्रयाग पुलिस ने शनिवार को एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर को 3.82 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कर्णप्रयाग बाजार, गांधीनगर, आईटीआई रोड और सुभाष नगर क्षेत्र में नशे की तस्करी एवं सेवन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जिसके तहत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाबा आश्रम के समीप सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.82 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित