बाजपुर , जून 07 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर की बाजपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का महज तीन घंटे में खुलासा करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 जून को मोबीन अहमद निवासी सरकरा, बाजपुर ने कोतवाली बाजपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल आयुष्मान अस्पताल के बाहर से चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बाजपुर के निर्देशन में गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने घटना दर्ज होने के मात्र तीन घंटे के भीतर लेवड़ा पुल के पास से आरोपी को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ हरीश (23) निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित