टिहरी , जून 01 -- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत रविवार देर रात कोतवाली कैम्पटी क्षेत्र में व्यापक सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर नशा कर हुड़दंग मचाने वालों और कर्मचारियों का सत्यापन न कराने वाले होटल संचालकों सहित 13 लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में संचालित अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के होटलों, रिजॉर्टों एवं ढाबों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 11 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा-81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा दो होटल एवं रिजॉर्ट संचालकों द्वारा अपने कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराए जाने पर उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा-83 के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही तथा अन्य प्रतिष्ठान संचालकों को भी सत्यापन संबंधी नियमों का पालन करने की सीख मिली।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध नियंत्रण, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा सार्वजनिक स्थलों पर नशा और हुड़दंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित