हरिद्वार , मई 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत गुरुवार को कोतवाली नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.37 ग्राम अवैध स्मैक तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पुलिस ने मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलाभर में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस टीम टिबड़ी रोड क्षेत्र में वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन पुलिस को देखकर दोनों ने घबराकर वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 15.37 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने सप्लायर की तलाश तेज कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद (39) पुत्र इकबाल तथा शौकीन (37) पुत्र जामिन के रूप में हुयी है। दोनों घिस्सुपुरा निवासी हैं। बरामद स्मैक में आजाद के पास से 7.20 ग्राम तथा शौकीन के पास से 8.17 ग्राम स्मैक मिली।

पुलिस ने इस एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित