हरिद्वार , मई 08 -- उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत शुक्रवार को पिरान कलियर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली पिरान कलियर पुलिस टीम ने जांच अभियान के दौरान मुकर्रबपुर बस्ती क्षेत्र से वसीम पुत्र रहीश निवासी झोझोवाली मस्जिद, कस्बा कलियर थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक इकट्ठा कर उसे ऊंचे दामों पर बेचता था। आरोपी ने बताया कि ड्राइवरी का काम करने के बावजूद नशे की लत, अदालत के खर्चे और अधिक पैसा कमाने की चाह में वह मादक पदार्थ तस्करी में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट के करीब 13 मामले पहले से दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित