हरिद्वार , मई, 08 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कनखल क्षेत्र में सक्रिय पिल्ला गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को उसके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक कारतूस और एक नुकीला सुआ बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर वर्चस्व और कमेंटबाजी को लेकर युवकों के साथ मारपीट की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदातों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों में रवि सिंह उर्फ सरदार का नाम कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में सामने आ चुका है। वह पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस की सादे कपड़ों में गठित टीमों ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी एवं जांच अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि 10 अप्रैल को शिकायतकर्ता कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में थाना कनखल में मामला दर्ज किया गया था। मामले में कुल 11 आरोपी प्रकाश में आए थे। इससे पहले दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसी कड़ी में पुलिस टीम ने दो अन्य आरोपियों अरुण उर्फ बोडा निवासी शिवपुरी गली नंबर-5 कनखल और रवि सिंह उर्फ सरदार निवासी सतीघाट कनखल को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान इंस्टाग्राम पर अपलोड वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित