हरिद्वार , मई 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सोमवार को थाना सिडकुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 11 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया, जबकि मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना सिडकुल पुलिस ने इंद्रलोक कॉलोनी स्थित वेदा वेलनेस सेंटर के सामने खाली मैदान के पास सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिनके कब्जे से कुल 11 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना सिडकुल में मामला दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ मादक औषधी एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह नेगी पुत्र स्व. विजय सिंह निवासी ग्राम बनियाड़ी, अगस्त्यमुनि जिला रुद्रप्रयाग और अरुण सिंह बिष्ट पुत्र राजेंद्र सिंह बिष्ट निवासी ग्राम चकोट, अगस्त्यमुनि जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित