हरिद्वार , मई 07 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध कच्ची शराब के साथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम नरेन्द्र कुमार पुत्र बकतावर है। वह जिले के मंगलौर कोतवाली थाने के अकबरपुर ढाढेकी का निवासी है। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित