टिहरी , मई, 30 -- उत्तराखंड के टिहरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में अवैध शराब और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के दौरान पुलिस ने शनिवार 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बियर बरामद की है।
पुलिस ने इस सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस, सीआईयू और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गुजराडा रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बियर बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अवैध शराब की यह खेप चारधाम यात्रा मार्ग के साथ-साथ धनोल्टी और कानाताल जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने उत्तर प्रदेश में विजनौर जिला के मंडवाली थाना क्षेत्र के कमरगारपुर निवासी वाहन चालक अक्षय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मौजूदा समय में हरिद्वार में रह रहा था।
इस संबंध में कोतवाली नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
श्री चौबे ने कहा कि जनपद में अवैध शराब, नशा तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित