हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत कनखल पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में वाहनों के शीशे तोड़कर आतंक फैलाने वाले गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी देर रात सड़कों एवं पार्किंग स्थलों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर उनके शीशे तोड़ते थे तथा नशे की हालत में हुड़दंग और मारपीट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली कनखल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और पूर्व में भी मारपीट और उपद्रव के मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में वंश पुत्र कैलाश, सचिन पुत्र भूरे, विषु पुत्र पप्पू, सोनू पुत्र रामसुधार तथा सूरज उर्फ भानू पुत्र शिवनंदन सैनी निवासी हनुमानगढ़ी, कनखल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित