टिहरी , अक्टूबर, 23 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए टिहरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छाम पुलिस ने 356 ग्राम अवैध चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसका खुलासा शुक्रवार को किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार को थाना छाम की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्यांसू मोड़ के पास एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 356 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नार सिंह महरा (43), पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम बांज, थाना एवं जिला दार्चुला, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब बरामद चरस के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ ही तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित