चित्तौड़गढ़ , फरवरी 22 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रविवार को चलाये गये 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस ने सघन गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के 22 अपराधियों को गिरफ्तार करके इनके कब्जे से मादक पदार्थ बरामद किये हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एक विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के नेतृत्व में आज संपूर्ण जिले में अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके विरुद्ध तस्करी के नौ मामले दर्ज करके दो किलो 344 ग्राम अफीम, करीब 83 किलो डोडाचूरा, 2.9 ग्राम स्मैक एवं 2.75 ग्राम एमडी जब्त किया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 10 मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज करके सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे अवैध शराब बरामद की गई। सात मामले शस्त्र अधिनियम के दर्ज करके सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, तीन मामले जुआ खेलने के भी पकड़े गये।

दबिश के दौरान पुलिस ने पुराने वांछित अपराधियों में तीन आबकारी अधिनियम में वांछित, पांच शस्त्र अधिनियम, सात संपत्ति संबंधी अपराधों में वांछित और 27 अन्य अपराधों में वांछित सहित कुल 52 अपराधियों को हिरासत में लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित