मलप्पुरम , सितंबर 28 -- केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा है कि 'ऑपरेशन तूफान' की शुरुआत के बाद से राज्य में नशीले पदार्थों के सेवन में लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट आयी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग से इस खतरे को पूरी तरह से समाप्त किया जा सकता है।

नशा विरोधी अभियान के दूसरे चरण के शुभारंभ के अवसर पर 'यूनीवार्ता' से बातचीत करते हुए श्री चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि 'ऑपरेशन तूफान' पुलिस की पहल से बदलकर अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसे सभी राजनीतिक दलों और समाज के हर वर्ग का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा, "अब जनता सहयोग कर रही है और ड्रग माफिया लोगों से डरने लगा है। नशीली दवाओं के सेवन में 30 प्रतिशत की कमी आयी है। कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और लोग खुश हैं। जमीनी स्तर पर कई जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं।" दूसरा चरण 'तूफान तद्देशम : जनसेना अगेंस्ट ड्रग्स' स्थानीय स्वशासन संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से इस अभियान को राज्य के हर वार्ड और मोहल्ले तक ले जायेगा।

उन्होंने कहा, "पूरा केरलम इस चुनौती का सामना करने के लिए एक साथ आ रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सफल होंगे।"श्री चेन्निथला ने कहा कि 117 दिन पहले शुरू किया गया केरलम पुलिस का 'ऑपरेशन तूफान' बड़े नशा विरोधी अभियान के रूप में उभरा है और धीरे-धीरे मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जन आंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा, "इसकी शुरुआत भले ही पुलिस ने की थी, लेकिन अब इसे जनता ने अपने हाथों में ले लिया है। यह देश में नशीली दवाओं के खतरे के खिलाफ एक जन आंदोलन है।"दूसरे चरण के तहत स्थानीय निकाय, परिवार, सामुदायिक संगठन और जन समूह अभियान को जमीनी स्तर तक ले जाने में भाग लेंगे। वार्ड स्तर पर स्थानीय निवासियों और सामुदायिक प्रतिनिधियों को मिलाकर विशेष 'तूफान समितियां' बनायी जायेंगी। हरित कर्म सेना के सदस्य, कुदुंबश्री इकाइयां, रेजिडेंट एसोसिएशन और अन्य सामुदायिक नेटवर्क भी इस अभियान में शामिल होंगे।

गृह मंत्री ने कहा कि दूसरे चरण में कड़े कानूनी और प्रवर्तन कदमों के साथ-साथ समुदाय-आधारित पहलों का तालमेल बिठाया जायेगा, जिसका उद्देश्य नशीली दवाओं के आदी लोगों की मदद करना और उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाना है।

उन्होंने कहा कि पहले दो चरणों 'तूफान स्ट्राइक' और 'तूफान वारियर्स' के बाद तीसरे चरण 'तूफान केयर' के तहत पुनर्वास का काम किया जायेगा। उन्होंने बताया, "तूफान के तीन चरण हैं। 'तूफान स्ट्राइक' पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई है- आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजना। 'तूफान वारियर्स' के तहत हर व्यक्ति को योद्धा के रूप में जोड़ना है, जबकि 'तूफान केयर' का उद्देश्य नशे के शिकार लोगों का पुनर्वास करना है।"श्री चेन्निथला ने कहा कि इलाज के लिए पुलिस ने सैकड़ों लोगों को अस्पताल भेजा है और 35 निजी अस्पताल इस पुनर्वास कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा, "इन अस्पतालों में ऐसे लोगों के इलाज के लिए अलग वार्ड होंगे और नशा मुक्ति केंद्र शुरू किये जायेंगे। हमने राज्य के सभी 35 प्रमुख निजी अस्पतालों की बैठक बुलायी थी। सरकारी अस्पताल भी सहयोग कर रहे हैं। निजी और सरकारी अस्पतालों के संयुक्त प्रयासों से हम इस कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर लागू करने जा रहे हैं।"भूटान के 'ऑपरेशन तूफान' को अपने यहां लागू करने की योजना संबंधी रिपोर्टों का जिक्र करते हुए श्री चेन्निथला ने कहा कि कई देशों और संस्थाओं ने केरलम मॉडल में रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा, "श्रीलंका, भूटान जैसे कई देशों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई है। भूटान के गृह मंत्री ने मुझसे बात की और वे अपने देश में भी इस कार्यक्रम को दोहराना चाहते हैं।"श्री चेन्निथला ने कहा कि वे चाहते हैं कि केंद्र सरकार इस अभियान को अपना समर्थन दे और देश भर में इस तरह की पहल लागू करे। उन्होंने कहा, "मेरी इच्छा थी कि केंद्र सरकार इसे लागू करे। गृह मंत्री और प्रधानमंत्री ने भी इसका आश्वासन दिया था। यदि वे इसे हर जगह लागू करते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा, लेकिन हम अपने राज्य में इस कार्यक्रम को जारी रखेंगे।"उन्होंने कहा कि केरलम को अभी तक विशेष रूप से 'ऑपरेशन तूफान' के लिए कोई केंद्रीय फंड प्राप्त नहीं हुआ है और नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहायता मांगी जायेगी।

अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर गिरोहों की धमकियों की आशंका पर श्री चेन्निथला ने कहा कि सरकार को जनता के सहयोग से इस खतरे से निपटने का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, "वे प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमें विश्वास है कि लोगों की मदद से इस नशीले पदार्थ के खतरे को केरलम की धरती से पूरी तरह से उखाड़ फेंका जायेगा।"उन्होंने कहा कि देश और विदेश से संचालित होने वाले संगठित ड्रग गिरोहों की जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। विदेशी नागरिकों और राज्य के बाहर के लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हम उन्हें ढूंढ़ रहे हैं, पकड़ रहे हैं और कानून के कटघरे में ला रहे हैं। यह एक सफल अभियान है। 'ऑपरेशन तूफान' की शुरुआत के बाद से 117 दिनों के भीतर पूरे केरलम में 11,677 मामले दर्ज किये गये हैं और 12,584 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित