मोहला-मानपुर , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ में मोहला-मानपुर जिले की अंबागढ़ चौकी पुलिस को 'ऑपरेशन तलाश' के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिछले चार वर्षों से गुमशुदा महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे का पता लगाने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम आतरगांव निवासी हेमलता रावटे (30) और उनका पुत्र झनकार रावटे(09) 03 दिसंबर 2021 को सुबह 8:00 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए थे। पति सूर्यकांत रावटे की रिपोर्ट पर थाना अंबागढ़ चौकी में गुमइंसान दर्ज कर पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
ऑपरेशन तलाश के तहत थाना प्रभारी अश्वनी राठौर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से महिला का सुराग लगाया।
पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर महिला ने बताया कि वह बालिग है और स्वेच्छा से अपने पति से अलग रहकर अपने बेटे का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने थाना आने या पति से मिलने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने नियमानुसार कार्यवाही करते हुए मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के माध्यम से गुमशुदा महिला और बच्चे की बात प्रार्थी सूर्यकांत रावटे एवं गवाह खेदूराम रावटे से करवाई। इसके पश्चात वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें 'दस्तयाब' शुमार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित