नयी दिल्ली , जुलाई 18 -- दिल्ली पुलिस ने बाहरी जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चलाये गये 72 घंटे के एक विशेष अभियान के दौरान चोरी के 76 वाहन बरामद कर 11 कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह की देखरेख में बाहरी जिले की पुलिस ने यह तीन दिवसीय खोजी अभियान चलाया, जिसे 'ऑपरेशन चक्र' नाम दिया गया। इसमें वाहन-चोरी निरोधक दस्ता (एएटीएस), जिले के थानों के पुलिसकर्मी और अन्य विशेष इकाइयां शामिल थीं। पुलिस के अनुसार, इस अभियान की मदद से वाहन चोरी के 76 मामलों को सुलझाया गया। बरामद किये गये वाहनों में 75 दोपहिया वाहन और एक चौपहिया वाहन शामिल है। इनमें से 23 वाहन कथित तौर पर आरोपियों के पास से बरामद किये गये, जबकि लावारिस हालत में छोड़े गये 42 वाहनों को रिहाइशी कॉलोनियों और आवासीय सोसायटियों से खोजा गया। इसके अलावा चोरी के 11 अन्य वाहन पार्किंग क्षेत्रों से मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित