हरिद्वार , मार्च 12 -- धर्म की आड़ में ठगी करने वालों और संदिग्ध लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत गुरुवार को हरिद्वार में कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर कार्रवाई करते हुए 27 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन कालनेमि चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस द्वारा हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जो बिना पहचान पत्र के घाटों के आसपास रह रहे थे या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने कुल 27 लोगों को हिरासत में लेकर उनके फिंगर प्रिंट लिए हैं और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर ढोंगी बाबाओं व बहरूपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति धर्म के नाम पर ठगी करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित