सुलतानपुर , सितंबर 08 -- उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार 'ऑपरेशन कायाकल्प' के जरिए प्राथमिक स्कूलों को मजबूत और ठीक कर रही है। इसी तरह 'अलंकार योजना' के तहत माध्यमिक और इंटर कॉलेजों को मजबूत किया जा रहा है।

विद्या भारती काशी प्रांत के 37वें प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल श्री यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए खेलकूद को बढ़ावा देने, जर्जर स्कूल भवनों के सुधार और विपक्षी दलों पर अपनी राय रखी।

मंत्री ने कहा कि विद्या भारती पिछले 35 सालों से लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों को अच्छा मंच दे रही है। उन्होंने खुशी जताई कि विद्या भारती के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने काशी क्षेत्र के अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों का स्वागत भी किया।

सुलतानपुर में जन्माष्टमी के आयोजन से जुड़े एक सवाल और अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस लाइनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने पर रोक लगी रहती थी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया, जिन्होंने 2017 में सरकार बनने के बाद सभी थानों और पुलिस लाइनों में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाने की छूट दी।

श्री यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की सोच नकारात्मक है। मंत्री ने कहा कि उन्हें पहले मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण, अयोध्या में प्रभु श्रीराम और काशी में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने चाहिए, तब जाकर कोई बात करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित