सिरसा , मई 23 -- हरियाणा की सिरसा जिला की साइबर थाना पुलिस ने इंस्टिट्यूशन अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में आरोपी को राजस्थान के सीकर जिले के गांव छुडीमीयान से गिरफ्तार किया है।
बरनाला रोड सिरसा निवासी तविन्द्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कंचन नामक युवती ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग से अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया जहां लोग मुनाफे के फोटो भेज रहे थे। झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे किए।
साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि साइबर अपराधियों ने विश्वास जीतने के लिए शुरुआती निवेश पर दोगुनी राशि खाते में वापस भेजी। इसके बाद अधिक लाभ का प्रलोभन देकर बड़ी रकम निवेश कराई गई। पीड़ित ने कुल 5 लाख 26 हजार 200 रुपये निवेश कर दिए। रकम निकालने के लिए भेजे गए लिंक पर क्लिक करने पर लिंक बंद मिला। तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित