नरसिंहपुर , जून 12 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले की पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित की पूरी राशि बरामद कर ली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गाडरवारा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे सोशल मीडिया मंच पर प्रदर्शित एक विज्ञापन के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन दिया गया। इसके बाद उसने विभिन्न किश्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस की गई।
शिकायत मिलने पर गाडरवारा थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में साइबर सेल और थाना गाडरवारा की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेनदेन और डिजिटल विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की और उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई पूरी 10 लाख रुपये की राशि बरामद कर नियमानुसार पीड़ित को वापस दिला दी है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग अथवा कम समय में अधिक मुनाफे का दावा करने वाले विज्ञापनों और संदेशों से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल संबंधित एजेंसियों को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित