मुरैना , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के बानमौर कस्बे से कथित रूप से अपहृत युवक के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसे दिल्ली के एक होटल से बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि युवक ने ऑनलाइन गेम में ढाई लाख रुपये हारने के बाद परिवार को गुमराह करने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह डाबर ने आज बताया कि बानमौर के पमाया रोड निवासी देवीसिंह कुशवाह ने शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र सोनू कुशवाह बाजार गया था, जहां से अज्ञात कार सवार बदमाश उसका अपहरण कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और करीब 150 होटलों में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान सोनू कुशवाह को एक होटल में आराम से मोबाइल चलाते हुए बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सोनू ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में करीब ढाई लाख रुपये हार गया था। चूंकि घर के पैसों का हिसाब-किताब वही रखता था, इसलिए उसने नुकसान छिपाने और परिवार को गुमराह करने के उद्देश्य से अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, ताकि परिवार को यह विश्वास दिलाया जा सके कि बदमाश उससे रुपये लूटकर ले गए हैं। पुलिस ने मामले का खुलासा कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित