पटना , मार्च 26 -- बिहार में राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से ठगी एवं जालसाजी किये जाने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सचिवालय-02) साकेत कुमार ने गुरूवार को बताया कि बुधवार को शास्त्रीनगर थानांतर्गत शिवपुरी में ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से ठगी एवं जालसाजी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उक्त ठिकाने पर छापेमारी की।

श्री कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें ऑनलाइन गेमिंग एवं जुआ संचालित करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मौके से 21 मोबाइल फोन,आठ सिमकार्ड, एक लैपटॉप, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अन्य उपकरण बरामद किया गया है।प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त विभिन्न ऑनलाइन ऐप्स के माध्यम से जुआ खिलवाते थे, जिनका नेटवर्क देशभर के साथ-साथ विदेशों तक फैला हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित