नयी दिल्ली , मार्च 17 -- जर्मन लग्ज़री कार निर्माता ऑडी ने मंगलवार को भारत में क्यू8 परिवार का एसयूवी एसक्यू8 पेश किया जिसकी शुरुआती कीमत 1,77,72,000 रुपये है।
कंपनी के अधिकारियों ने यहां एक कार्यक्रम में इसे पेश करते हुए कहा कि यह एसयूवी संतुलित परफॉर्मेंस और सटीक इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण है। यह ऑडी क्यू8 लाइनअप में एक खास स्थान रखता है।
इसकी एक्स शो-रूम कीमत 1,77,72,000 रुपये है। इसके साथ 10 साल के लिए रोडसाइड असिस्टेंस निःशुल्क दिया जा रहा है। साथ ही आकर्षक रखरखाव एवं मरम्मत पैकेज भी उपलब्ध हैं।
ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, "ऑडी एसक्यू8 भारत में हमारे हाई-परफॉर्मेंस एसयूवी लाइन-अप को और मजबूत करती है। यह पावर, रोजमर्रा की उपयोगिता और असली रोमांचक परफॉर्मेंस का शानदार संतुलन प्रदान करती है। इसे उन ग्राहकों के लिए डिज़ाइन किया गया है जो ऐसी लग्ज़री एसयूवी चाहते हैं जो आरामदायक हो और वीकेंड पर रोमांचक ड्राइविंग अनुभव दे।"इसमें चार लीटर की क्षमता वाला वी8 टीएफएसआई इंजन है जो 373 किलोवाट का पावर और 770 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा कर सकता है। यह शून्य से 100 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 4.1 सेकंड में पकड़ लेता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 250 किमी/घंटा है। इसमें क्वाट्रो परमानेंट ऑल-व्हील ड्राइव, सेल्फ-लॉकिंग सेंटर डिफरेंशियल, कंटीन्यूअस एडाप्टिव डैम्पिंग सिस्टम और एडाप्टिव एयर सस्पेंशन स्पोर्ट भी दिया गया है। बेहतर कंट्रोल के लिए ऑल-व्हील स्टीयरिंग है।
दृश्यता बेहतर मिले इसके लिए ऑडी लेज़र लाइट के साथ एचडी मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स, तीन अलग-अलग डिजाइन में 22-इंच के ऑप्शनल एलॉय व्हील्स, एंथ्रासाइट ग्रे ब्रेक कैलिपर्स के साथ ऑप्शनल सिरेमिक ब्रेक, एल्यूमिनियम लुक वाला सिंगलफ्रेम ग्रिल और फ्रेमलेस दरवाजे दिये गये हैं। इसे 30 रंगो के विकल्प के साथ पेश किया गया है।
बेहतर सुरक्षा के लिए आठ एयरबैग, क्रूज़ कंट्रोल स्पीड लिमिटर और ऑडी प्रि सेंस बेसिक फीचर हैं। बेहतर विजिबिलिटी और ड्राइवर इंफॉर्मेशन के लिए वैकल्पिक नाइट विजन असिस्ट और हेड-अप डिस्प्ले और वैकल्पिक लेन डिपार्चर वार्निंग सिस्टम भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित