अलवर , मार्च 12 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में पुलिस कर्मी ओर एक दलाल के बीच हुई बातचीत का एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी ने संबंधित पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस ऑडियो में एक पुलिस कांस्टेबल और उसके मुखबिर (दलाल) के बीच अवैध खनन, टटलूबाजी और साइबर ठगी के मामलों में पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार चौधरी ने बुधवार देर शाम कार्रवाई करते हुए किशनगढ़बास थाने में तैनात कांस्टेबल दिलफूल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कांस्टेबल और एक दलाल के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। इसमें दलाल एक साइबर ठग के बारे में जानकारी देते हुए पौने दो लाख रुपये की ठगी बात बताता है और बड़ा हाथ" मारने की बात भी करता है।

मामला सामने आने के बाद श्री चौधरी ने पूरे मामले की जांच किशनगढ़बास के पुलिस उपाधीक्षक लाल सिंह को सौंपी है। श्री लाल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय को एक परिवाद प्राप्त हुआ है और वायरल ऑडियो को सुना गया है, जिसमें पैसों के लेनदेन एवं अनैतिक बातचीत सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित