हरदोई , नवंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में धर्मपुर गांव के पास सोमवार दोपहर सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी रामगुनी पत्नी दयाराम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पचदेवरा के प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की टक्कर में महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित