जयपुर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित 'ऑक्टेव 2026' कार्यक्रम में पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध कला, संगीत, परंपराओं और खान-पान की अनूठी झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंतिम दिन एवं समापन पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शामिल होकर पूर्वोत्तर के कलाकारों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजन देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को करीब लाने के साथ 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम ने भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

वेस्ट ज़ोन कल्चरल सेंटर उदयपुर द्वारा पिछले एक दशक में तीसरी बार आयोजित 'ऑक्टेव' ने पूर्वोत्तर भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न पारंपरिक कलाओं, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

इस अवसर पर वेस्ट ज़ोन कल्चरल सेंटर के निदेशक डॉ. अश्विन दलवी, आयोजन स्थल राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के निदेशक निहाल चंद गोयल सहित पूर्वोत्तर भारत से आए कलाकार और प्रतिभागी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित