लखीमपुर-खीरी , जून 4 -- लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा न्यूनीकरण के मद्देनजर चल रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गुरुवार को शारदानगर बाढ़ खंड के अंतर्गत ऐरा पुल से अम्बरपुर तटबंध के किलोमीटर 2.600 पर संचालित स्पर पुनरोद्धार कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की। लगभग 393.58 लाख रुपये लागत की इस महत्वपूर्ण परियोजना को मानसून सत्र से पूर्व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 165 मीटर लंबाई में स्पर के पुनरोद्धार का कार्य किया जा रहा है, जिसमें अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि तकनीकी मानकों के अनुरूप स्पर के अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम हिस्सों में मिर्जापुर स्टोन बोल्डरों को जीआई वायर क्रेट में भरकर स्लोप पिचिंग तथा लॉन्चिंग एप्रन का निर्माण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया तथा स्टोन बोल्डर और वायर क्रेट के नमूनों की तकनीकी जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था तथा बाढ़ खंड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान संभावित जलस्तर वृद्धि और जलभराव की स्थिति से पहले शेष 40 प्रतिशत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और बाढ़ से संभावित खतरे को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित