नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एस.सी.एल. दास को दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) के चेयरमैन पद की शपथ दिलायी।

इस अवसर पर श्री सूद ने श्री दास को नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जतायी कि उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव का लाभ दिल्ली के विद्युत क्षेत्र को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बिजली क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

उन्होंने कहा कि श्री दास के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से दिल्ली विद्युत नियामक आयोग के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। डीईआरसी की भूमिका दिल्ली में विद्युत क्षेत्र के नियमन, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बिजली वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों के नियमन में अहम है।

ऊर्जा मंत्री ने उम्मीद जतायी कि श्री दास अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से आयोग के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित