हैदराबाद , अक्टूबर 25 -- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार शाम यहां के राजभवन रोड पर अचानक जांच के दौरान हैदराबाद महानगर जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड (एचएमडब्ल्यूएस एंड एसबी) के खैरताबाद स्थित कार्यालय में तैनात संयुक्त निदेशक ए. श्रीनिवास के पास से 2.40 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी जब्त की।
एसीबी ने रविवार को जारी बयान में बताया कि सिटी रेंज-द्वितीय की टीम को एक अज्ञात व्यक्ति से सूचना मिली थी कि एचएमडब्ल्यूएस एंड एसबी का एक वरिष्ठ अधिकारी कथित तौर पर अपने कार्यालय से अवैध रूप से एकत्र की गयी नकदी लेकर घर जा रहा है।
एसीबी अधिकारियों ने 24 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे राजभवन रोड पर मारुति स्विफ्ट कार को रोका। जांच में पता चला कि यह कार श्रीनिवास की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित