हैदराबाद , मई 20 -- तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (एचएमडब्ल्यूएस एंड एसबी) के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गयी तलाशी के दौरान 5.88 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता लगाया है।
इस संपत्ति में 18 एकड़ कृषि भूमि, छह खाली प्लॉट, तीन फ्लैट, हैदराबाद में एक घर, 1.10 करोड़ रुपये नकद, 2.1 किलोग्राम सोने के आभूषण और 9.2 किलोग्राम चांदी के बर्तन शामिल हैं।
एसीबी ने हैदराबाद के रेड हिल्स स्थित एचएमडब्ल्यूएस एंड एसबी के परियोजना संभाग -8 में महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) के पद पर कार्यरत एस.ए.एल. कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीबी की ओर से बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार अधिकारी की पहचान सग्गम अनंत लक्ष्मी कुमार के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर अपनी सेवा अवधि के दौरान भ्रष्ट तरीकों और संदिग्ध माध्यमों से अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें 2018 में संशोधन किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित