कानपुर , सितम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे 11 सितम्बर को कानपुर नगर के भ्रमण पर आएंगे। इस दौरान वह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित मामलों की जनसुनवाई करने के साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोग के सदस्य सर्किट हाउस सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

आयोग के सदस्य गोविन्द नगर स्थित बाल्मीकि बस्ती, जिला अस्पताल, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति बालक एवं बालिका छात्रावास तथा वृद्धाश्रम का निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, कार्य परिस्थितियों तथा उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।

भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित