भुवनेश्वर , मार्च 18 -- ओडिशा सरकार ने 16 मार्च को एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रॉमा केयर गहन चिकित्सा इकाई में लगी भीषण आग की घटना के बाद प्रदेश भर के अस्पतालों और सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किये गये। बैठक में विकास आयुक्त और अतिरिक्त मुख्य सचिव देव रंजन कुमार सिंह, अग्निशमन सेवा के महानिदेशक सुधांशु सारंगी के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और आयुक्त-सह-सचिव उपस्थित थे। राज्य भर के जिला कलेक्टर इस बैठक में आभासी माध्यम से शामिल हुए।
अग्नि सुरक्षा की निगरानी को सुव्यवस्थित करने के लिए, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव को ओडिशा के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा सूचना और अनुपालन की देखरेख के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में आग से बचाव की तैयारियों के महत्व पर जोर दिया। अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि अग्निशमन उपकरण हर समय कार्यशील रहें और उन्हें बंद न किया जाए। अग्नि सुरक्षा उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जहां भी आवश्यक हो, तीसरे पक्ष से ऑडिट कराया जा सकता है।
जिला कलेक्टरों को तैयारियों को बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर आग से बचाव के लिये अधिक कृत्रिम अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त सरकार ने इस बात पर जोर दिया कि नयी सरकारी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भवन योजनाओं को मंजूरी देते समय आग से बचाव को एक प्रमुख विचार के रूप में रखा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित