पटना, जुलाई 28 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा है कि राज्य शैक्षिक एवं प्रशिक्षण अनुसंधान परिषद (एससीईआरटी) में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधियाचना शीध्र बिहार लोक सेवा आयोग को भेजी जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने मंगलवार को विकास भवन स्थित सभागार में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षक प्रशिक्षण को मजबूत करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य में पहली से पांचवीं कक्षा तक हिन्दी के साथ-साथ भोजपुरी, मगही, मैथिली, अंगिका जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में भी बच्चों को पढ़ाया जाएगा, जिससे वह बेहतर ढंग से सीख सकें।

श्री तिवारी ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अन्य राज्यों की एससीईआरटी की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने और शिक्षा में नवाचार आधारित सोच विकसित करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समय-समय पर विद्यालयों में जाकर जमीनी स्थिति का भी आकलन करना चाहिए।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शनिवार को 'नो बैग डे' के दौरान बच्चों को स्वच्छता और हेपेटाइटिस-बी से बचाव के बारे में जागरूक किया जाए, जिससे लगभग 2 करोड़ बच्चों के माध्यम से यह संदेश हर परिवार तक पहुंचे। उन्होंने सभी विद्यालयों में 'वंदे मातरम्' और 'जन गण मन' के नियमित गायन की अनिवार्यता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित