जालौन , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश मे जालौन के नवागत पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ बैठक कर आगामी त्योहारों की तैयारियों, वांछित एवं इनामी अपराधियों तथा लंबित मामलों की समीक्षा की।

एसपी ने शासनादेश और डीजीपी की प्राथमिकताओं के अनुरूप अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत पुलिस तंत्र विकसित किया जाएगा। अपराध के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पिछले छह वर्षों से लंबित गैर-जमानती वारंटों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित आरोपितों की गिरफ्तारी कर जेल भेजने के निर्देश दिए, ताकि लंबित मामलों की न्यायालय में सुनवाई आगे बढ़ सके।

एसपी ने जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी को 'भरोसा पर्ची' देने की व्यवस्था लागू करने की बात कही। इस पर्ची पर जांच अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज होगा, जिससे फरियादी अपनी शिकायत की कार्रवाई के संबंध में सीधे संपर्क कर सकेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी फरियादी की थाने स्तर पर सुनवाई नहीं होती या नियमानुसार कार्रवाई नहीं की जाती और उसे शिकायत लेकर पुलिस मुख्यालय आना पड़ता है, तो संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित