श्रीगंगानगर , मई 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में सुंदरपुरा माइनर (एसपीएम) नहर की री-लाइनिंग की माँग को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता और पंचायत समिति सादुलशहर के सदस्य डॉ बृजमोहन सहारण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज हनुमानगढ़ में जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता सिंचाई प्रदीप रस्तोगी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
श्री सहारण ने श्री रस्तोगी से कहा कि भाखड़ा की विभिन्न वितरिकाओं की री-लाइनिंग के लिये राज्य सरकार द्वारा बजट जारी किया गया है और यह काम आरम्भ हो रहा है, तो उन्हीं के साथ बनी इस नहर को क्यों छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस नहर की हालत भी ख़राब है और यह अंतिम छोर के काफ़ी गाँवों को सिंचित करती है।
डॉ सहारण ने बताया कि इस भेदभाव का विभाग के अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे । श्री रस्तोगी ने इस नहर की री-लाइनिंग का प्रस्ताव बना करके राज्य सरकार को भेजने और बजट मंजूर करवाने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन देने वालों में भाजपा किसान मोर्चा के मनजीत सहारन, पूर्व जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष रामकुमार सहारण और जोगीवाला से विजयसिंह मौजूद रहे। भाजपा के किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष,पूर्व मंत्री कैलाश चौधरी को भी पिछले दिनों ज़िले के दौरे पर ,सुंदरपुरा माइनर नहर की री-लाइनिंग हेतु ज्ञापन दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित