बारां , मार्च 05 -- राजस्थान में बारां में जिला पुलिस ने गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में सामूहिक रूप से होली का लुत्फ उठाया।
इस दौरान पुलिस लाइन का माहौल रंगों से सराबोर रहा। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक अंदासु और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश चौधरी ने जवानों के साथ रंग- गुलाल लगाकर बधाई दीं। डीजे की धुनों पर पुलिसकर्मी जमकर झूमे। एसपी और एएसपी को कंधों पर उठाया और जमकर नृत्य करके खुशी व्यक्त की।
श्री अंदाशु ने कहा कि होली जैसे त्योहार के दौरान पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर रहते हैं और कानून व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हैं। ऐसे में ड्यूटी के बाद पुलिस परिवार साथ मिलकर आपसी भाईचारे और टीम की भावना से होली खेल कर मजबूत होते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारी एवं जवानों को होली की शुभकामनायें देते हुए कहा कि जिले में शांति, सौहार्द के लिए ड्यूटी पर तैनाती के दौरान पूरी ताकत लगाना ही सफलता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित