विदिशा , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण स्थानीय नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्राम वामनखेड़ा में धान रोपाई के लिए कटनी से आए श्रमिकों के फंसने की सूचना पर एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें दो महिलाएं, सात पुरुष और छह बच्चे शामिल हैं।

जिला सेनानी एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड मयंक कुमार जैन के नेतृत्व तथा प्लाटून कमांडर एवं एसडीईआरएफ-होमगार्ड टीम प्रभारी रश्मि दुबे के निर्देशन में टीम ने चौकी खामखेड़ा अंतर्गत ग्राम वामनखेड़ा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान टीम ने पूरी सावधानी और तत्परता के साथ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। अभियान में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम की त्वरित कार्रवाई से सभी 15 लोगों को समय रहते सुरक्षित निकाला जा सका।

प्रशासन के अनुसार आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में शुरुआती समय महत्वपूर्ण होता है। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जिला प्रशासन एवं होमगार्ड विभाग द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड की टीमें लगातार सक्रिय रखी जा रही हैं। प्रशिक्षित जवानों को आपात परिस्थितियों में त्वरित रेस्क्यू एवं राहत कार्य के लिए तैयार रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित