रूद्रपुर , जून 10 -- उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने मंगलवार रात काशीपुर में एक कार से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ की ओर से बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान टीम को एक कार में भारी मात्रा में हथियार रखे होने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसी आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर वाहन को कब्जे में लिया।
तलाशी में कार से एक 12 बोर पम्प एक्शन गन, एक .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर रिवॉल्वर, 237 कारतूस और चार मैगजीन बरामद हुईं। साथ ही सात कूटरचित शस्त्र लाइसेंस भी मिले।
एसटीएफ का दावा है कि बरामद हथियार और लाइसेंस काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल से संबंधित हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह के अनुसार राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जांच में अभी तक तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जांच के दौरान पांच अवैध हथियार और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित हुए हजारों शस्त्र लाइसेंसों और उनके धारकों का सत्यापन अभी भी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित