देहरादून , जुलाई 28 -- स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड की साइबर सेल ने राष्ट्रीय वित्तीय साइबर हेल्पलाइन 1930 से मिली जानकारी के आधार पर चालू जुलाई माह के पूरा होने से पहले अब तक लगभग 04 करोड़ की साइबर अपराध पीड़ितों की धनराशि सुरक्षित (फ्रीज) करा दी है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि 27 जुलाई को स्वरूप सिंह, निवासी दिनेशपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा बैंकिंग आईडी पुनः सक्रिय/बनाने के लिए ई-सिम जारी कराने का झांसा देकर उनके साथ 1 करोड़ 51 लाख, 06 हजार,100/- रुपए की साइबर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम में नियुक्त टीम ने तत्काल संबंधित बैंकों एवं अन्य हितधारकों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की गई, परिणाम स्वरूप शिकायतकर्ता की 1 करोड़ 45 लाख, 82 हजार,750/- रुपए की धनराशि समय रहते होल्ड (सुरक्षित) करा दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित