चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने श्री आनंदपुर साहिब स्थित एसजीपीसी की सराय में बहरीन की एक महिला के कथित तौर पर कई महीने ठहरने के मामले में शिरोमणि अकाली दल (बादल) के नेताओं और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से जवाब मांगा है।

श्री पन्नू ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि 23 जुलाई 2026 को पंजाब नेशनल बैंक में एसजीपीसी सचिव के नाम से संचालित खाते से बहरीन की महिला के खाते में एक लाख रुपये स्थानांतरित किये गये। उन्होंने सवाल किया कि यह राशि किस उद्देश्य से भेजी गयी, भुगतान को किसने मंजूरी दी और इसे किस मद में दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी को महिला के करीब आठ महीने के कथित ठहराव से जुड़े आवास, भोजन, यात्रा, वाहन, चालक और सेवादारों सहित पूरे खर्च का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।

श्री पन्नू ने एसजीपीसी की ओर से गठित चार सदस्यीय जांच समिति की स्वतंत्रता और क्षमता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश या वरिष्ठ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को सौंपी जानी चाहिए। उनके अनुसार समिति को 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है, लेकिन इससे उठे सवाल समाप्त नहीं होंगे।

आप नेता ने पूछा कि महिला को एसजीपीसी की सराय में कौन लाया, उसे वहां आठ महीने तक क्यों रखा गया और उसके खर्च का भुगतान किसने किया। उन्होंने सरबजीत सिंह झिंजर और विरसा सिंह वल्टोहा की भूमिका को लेकर भी स्पष्टीकरण की मांग की।

श्री पन्नू ने एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी, सुखबीर सिंह बादल, हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया से मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता मीडिया के सवालों से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी की संस्थाएं और उनका धन श्रद्धालुओं के योगदान से संचालित होते हैं, इसलिए हर खर्च का पूरा हिसाब संगत के सामने रखा जाना चाहिए।

श्री पन्नू ने एसजीपीसी चुनाव लंबे समय से नहीं होने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इन संस्थाओंके संचालन एवं धन के इस्तेमाल पर संगत को सवाल पूछने का अधिकार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित