जालंधर , मई 15 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनका संगठन एसजीपीसी के आम चुनाव कराने की मांग को लेकर दिल्ली में संघर्ष शुरू करेगा।
जालंधर में पार्टी पदाधिकारियों, वर्किंग कमेटी सदस्यों और जिला अध्यक्षों की बैठक में पार्टी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कई अहम फैसले लिए गए। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब और पंजाब सरकार के बीच बने विवाद पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नेताओं ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर्दे के पीछे रहकर अकाल तख्त साहिब को सरकार के साथ टकराव की स्थिति में ला रहे हैं। नेताओं का कहना था कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद वह ऐसा कानून नहीं बना सके जिससे बेअदबी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि कौम के समझदार और सक्षम लोग आगे आकर इस मुद्दे का समाधान निकालें ताकि सरकार और धार्मिक संस्थाओं के बीच टकराव टाला जा सके। उन्होंने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की चुप्पी यह दर्शाती है कि मौजूदा प्रबंधन ऐसे मुद्दों को हल करने की इच्छाशक्ति और दृष्टि नहीं रखता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें कमजोर नेतृत्व को बनाए रखने के लिए एसजीपीसी चुनाव नहीं करवा रहीं। उन्होंने घोषणा की कि शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत एसजीपीसी के आम चुनाव करवाने की मांग को लेकर दिल्ली में मोर्चा लगाएगा और संघर्ष शुरू करेगा।
बैठक में हलका स्तर पर बैठकों को शुरू करने का फैसला भी लिया गया। पार्टी ने अन्य समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत पर भी चर्चा की। बताया गया है कि जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। पार्टी ने आगामी नगर निगम और नगर परिषद चुनावों में अपने स्तर पर तथा सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होने के निर्देश दिए गये हैं।
बैठक में युवाओं सहित सभी वर्गों को जोड़ने के लिए पार्टी के विभिन्न विंग गठित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से लिए गए फैसले में सुरजीत सिंह रखड़ा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। वह पार्टी की कोर कमेटी और राजनीतिक मामलों की कमेटी के सदस्य भी थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित