चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने श्री आनंदपुर साहिब स्थित एसजीपीसी सराय में बहरीन की महिला के ठहरने से जुड़े विवाद को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के बयानों पर सवाल उठाये हैं।

श्री पन्नू ने मंगलवार को कहा कि सवाल एसजीपीसी संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि उसके कामकाज के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों से पूछे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सिख समुदाय की संस्था है और लोगों को इसके कामकाज को लेकर सवाल पूछने का अधिकार है। उन्होंने मांग की कि महिला द्वारा इलाज के लिए एक लाख रुपये की सहायता के संबंध में दी गयी अर्जी और संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किये जायें, हालांकि उसकी पहचान और निजी जानकारी गोपनीय रखी जाये। उन्होंने यह भी पूछा कि महिला के लिए सरायों में कमरे किसने और किसकी सलाह पर बुक कराए तथा उसके रहने की व्यवस्था किसने की।

श्री पन्नू ने एसजीपीसी की तथ्य-जांच समिति से कमरों की बुकिंग, वाहनों की आवाजाही, चालकों, कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ सहित पूरे मामले की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल सराय के रजिस्टरों की जांच से सभी सवालों का जवाब नहीं मिलेगा।

श्री धामी की सीबीआई जांच की मांग पर श्री पन्नू ने कहा कि जांच एजेंसी के पिछले मामलों के रिकॉर्ड पर भी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल, हरसिमरत कौर बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया तथा भाजपा और कांग्रेस नेताओं की मामले पर कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी की मर्यादा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए संबंधित सवालों के जवाब तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर दिये जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का उद्देश्य संस्था को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित