भरतपुर , अगस्त 22 -- राजस्थान के भरतपुर में पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) दल द्वारा एक किशोर से गम्भीर रूप से मारपीट किये जाने और उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराकर खिसक जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित किशोर के परिजनों ने मामले की जांच करके आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) में मामला दर्ज करके दंडित किये जाने की मांग की है।
आरबीएम अस्पताल में सर्जिकल वार्ड में भर्ती किशोर ने बताया कि उसे एसओजी के नामजद पुलिसकर्मियों द्वारा बाजार में चाय पीते समय उठाकर एसओजी कार्यालय ले जाया गया, जहां उसे बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अवैध हथियार के साथ निरुध्द करके जमानत पर रिहा करते हुए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
पुलिस की इस पिटाई से किशोर के शरीर पर 10 से अधिक निशान हैं। इसकी शिकायत भी किशोर ने की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित