मधुबनी , जुलाई 15 -- भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने 109 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।एसएसबी सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर फुलहर पेट्रोल पंप के समीप संदिग्ध मार्ग पर संयुक्त दल द्वारा नाकाबंदी की गई। इस दौरान नेपाल से भारत की ओर चार बोरियों के साथ मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया।
उक्त व्यक्ति ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान चार बोरियों से कुल 109 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मादक पदार्थ नेपाल से भारत लाकर आगे आपूर्ति किया जाना था।
सूत्रों ने बताया कि बरामद गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे हरलाखी थाना को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित