मधुबनी , अक्टूबर 22 -- बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने 26.1 लीटर नेपाली शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।एसएसबी सूत्रों के अनुसार, 48वीं वाहिनी की 'ई' समवाय, गंगौर के अंतर्गत सीमा चौकी अखराघाट के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 291/12 के पास कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ा। उसकी साइकिल पर बंधी बोरी की तलाशी लेने पर नेपाली शराब की 87 बोतलें बरामद हुईं।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान नेपाल के धनुषा जिले के जनकपुर स्थित मुखियापट्टी गांव निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब नेपाल के शंकर यादव से खरीदकर भारत में बेचने के लिए ला रहा था।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सघन निगरानी और कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित