सुपौल , जून 24 -- ारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं मानव तस्करी रोकने के अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक व्यक्ति को भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया तथा एक नाबालिग बालिका को मुक्त कराया है।वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि सीमा चौकी कुनौली के जवानों ने चेक पोस्ट संख्या-02 एवं सीमा स्तंभ संख्या-223 के निकट विशेष जांच अभियान के दौरान नेपाल से भारत आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के ब्रह्मत्तर छत्रा गांव निवासी इनामुल मियां के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान उसके बैग से 1,44,600 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई। संबंधित व्यक्ति बरामद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद राशि जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क कार्यालय, कुनौली को सौंप दिया गया।

श्री सिंह ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों ने नियमित जांच के दौरान भारत से नेपाल जा रहे एक युवक और 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की। जांच में मामला प्रेम संबंध के नाम पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने से जुड़ा प्रतीत हुआ।

एसएसबी जवानों एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की मौजूदगी में बालिका को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना को सौंप दिया गया।

श्री सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी और अन्य सीमा-पार अपराधों की रोकथाम के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित