सुपौल , मई 29 -- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं वाहिनी ने शुक्रवार को बीरपुर के सीमा चौकी पिपराही के कार्यक्षेत्र में विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 720 लीटर नेपाली शराब के साथ एक लकड़ी की नाव जब्त की है।

वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने आज बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि कोसी नदी के पलार क्षेत्र से मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की संभावना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया।

गठित नाका पार्टी स्पर संख्या 1237 से नाव के माध्यम से कोसी नदी के पलार क्षेत्र में सूचना आधारित स्थान पर पहुंचकर छिपकर निगरानी करने लगी। कुछ समय पश्चात नदी की ओर से आवाज सुनाई दी और देखा गया कि नदी किनारे एक लकड़ी की नाव लगी हुई है, जिस पर कुछ अज्ञात व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरियों में सामान लाकर रख रहे थे।

संदेह होने पर जवानों ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों को बल की मौजूदगी का आभास हो गया, जिसके बाद वे अंधेरे एवं कोसी नदी के कठिन भू-भाग का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित