मधुबनी , जुलाई 17 -- िहार के मधुबनी जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जयनगर शहर स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। एसएसबी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि 18वीं बटालियन राजनगर और 48वीं बटालियन जयनगर की टीम ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से जयनगर के पटना गद्दी रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप और टैबलेट बरामद किए गए।
डिप्टी कमांडेंट हरी नारायण जाट ने बताया कि सूचना के आधार पर जयनगर के बेला बांध चौक पर एक बाइक सवार श्याम मुखिया को रोककर तलाशी ली गई। देवधा थाना क्षेत्र के पीठवा टोला उसराही गांव निवासी श्याम मुखिया के पास से 220 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया।पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एसएसबी ने जयनगर स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में छापेमारी की। दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी अखिलेश चौधरी और सीआई दीपक कुमार की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और टैबलेट बरामद किए गए। इस दौरान ट्रांसपोर्ट कर्मी मुन्ना कामत को भी गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी के अनुसार, छापेमारी में करीब साढ़े छह हजार बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य नशीली दवाएं जब्त की गई हैं। बरामद दवाओं की बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित