मधुबनी , सितंबर 02 -- भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और सीमा शुल्क विभाग ने जयनगर के बेतौन्हा में बिना वैध कागजात के नेपाल ले जाए जा रहे ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। 48वीं वाहिनी के एफ समवाय की सीमा चौकी बेतौन्हा और कस्टम जयनगर की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध सामान नेपाल ले जा रहे हैं। इस आधार पर टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ सं. 268/15 से लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बेतौन्हा गांव स्थित पानी टंकी के पास घेराबंदी की। वहां एक बैटरी रिक्शा पर ट्रैक्टर के विभिन्न स्पेयर पार्ट्स लादकर मोटरसाइकिल से नेपाल की ओर जा रहे दो व्यक्तियों को रोका गया। कागजात मांगने पर दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद बैटरी रिक्शा पर लदे सभी ट्रैक्टर पार्ट्स, बैटरी रिक्शा और साथ चल रही एक बाइक को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान नवीन कुमार यादव तथा सतेन्द्र यादव के रुप में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे जयनगर से ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स खरीदकर नेपाल के सिरहा क्षेत्र में नेपाली दुकानदारों को खुदरा में बेचते हैं।
जब्त सामान और दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क जयनगर को सुपुर्द कर दिया गया है। 48वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध व्यापार और बिना दस्तावेज सामान के आवागमन को रोकने के लिए एसएसबी लगातार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित