टिहरी , अप्रैल 05 -- सुश्री श्वेता चौबे ने रविवार को टिहरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।
उन्होंने कार्यभार संभालने से पहले भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले की शांति और सुरक्षा की कामना की।
पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचने पर सुश्री चौबे को पुलिस बल द्वारा औपचारिक सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
सुश्री चौबे ने पहले ही दिन साफ संकेत देते हुए कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाये रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और जनता के साथ संवेदनशील व मित्रवत व्यवहार करें।
उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अभिलेखों और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और कामकाज में पारदर्शिता, समयबद्धता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने नशा उन्मूलन, साइबर अपराध रोकथाम, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चल रहे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये। साथ ही पुलिस व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित