टिहरी , मई 22 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल के पुलिस लाइन चंबा में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड अनुशासन, फिटनेस और पेशेवर दक्षता का उदाहरण बनकर सामने आई। परेड का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने किया, जिसमें पुलिस अधिकारी, जवान एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त आरक्षियों ने सहभागिता की।
परेड के दौरान एसएसपी चौबे स्वयं मैदान में उतरीं और जवानों तथा नव नियुक्त आरक्षियों के साथ दौड़ लगाकर नेतृत्व, ऊर्जा और अनुशासन का संदेश दिया। उनका यह कदम पुलिस बल के भीतर उत्साह और मनोबल बढ़ाने वाला रहा। पूरे आयोजन के दौरान जवानों में उत्साह, तालमेल और बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला।
साप्ताहिक परेड के अंतर्गत ड्रिल अभ्यास, शस्त्र संचालन, सामरिक प्रशिक्षण और शारीरिक दक्षता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। शस्त्र अभ्यास के दौरान पुलिस बल की तत्परता और अनुशासित कार्यशैली विशेष रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलती परिस्थितियों में शारीरिक फिटनेस और मानसिक सजगता पुलिस सेवा की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक परिस्थिति में तत्परता, संयम और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
परेड समाप्त होने के बाद सुश्री चौबे ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान व्यायामशाला, परिवहन शाखा, भोजनालय तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने, स्वच्छता सुनिश्चित करने, वाहनों की फिटनेस बनाए रखने तथा व्यायामशाला में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त आरक्षियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आउटडोर एवं इंडोर प्रशिक्षण को अधिक व्यवहारिक और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित